आरपीएफ उप निरीक्षक रवीन्द्र राजावत की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, कुछ मिनट में आने वाली थी ट्रेन—मैन लाइन पर बैठे दिव्यांग को सुरक्षित बचाया ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की संवेदनशील पहल, समझा-बुझाकर मैन लाइन से हटाया और सुरक्षित ट्रेन में बैठाकर झांसी भेजा
रिपोर्ट नवीन यादव
झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ के उप निरीक्षक रवीन्द्र राजावत ने मानवीय संवेदना के साथ तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए एक दिव्यांग व्यक्ति को संभावित हादसे से बचा लिया। ड्यूटी के दौरान उन्हें मैन लाइन पर एक दिव्यांग व्यक्ति बैठा दिखाई दिया। बताया गया कि कुछ ही मिनट में उस लाइन पर ट्रेन आने वाली थी। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए उप निरीक्षक रवीन्द्र राजावत तत्काल प्लेटफार्म नंबर एक से नीचे उतरकर दिव्यांग व्यक्ति के पास पहुंचे।
उन्होंने उससे बातचीत कर उसे समझा-बुझाकर शांत किया और सुरक्षित तरीके से मैन लाइन से हटाकर प्लेटफार्म पर लेकर आए। बातचीत के दौरान दिव्यांग व्यक्ति ने अपना पता झांसी बताया। इसके बाद उप निरीक्षक रवीन्द्र राजावत ने मानवीयता का परिचय देते हुए उसे सुरक्षित ट्रेन में बैठाया और झांसी के लिए रवाना किया।
आरपीएफ उप निरीक्षक रवीन्द्र राजावत की तत्परता और संवेदनशील पहल की यात्रियों ने सराहना की। उनकी सजगता से संभावित दुर्घटना को टालते हुए दिव्यांग व्यक्ति की जान बचाई गई और उसे सुरक्षित उसके गंतव्य तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी निभाई गई।










