आईजी ए.एन. सिन्हा की मौजूदगी में ईस्टर्न रेलवे में आरपीएफ का बेड़ा हुआ मजबूत, दस नई मोटरसाइकिल और सुरक्षा बस शामिल महाप्रबंधक मिलिंद के. देउस्कर ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, गश्त और त्वरित कार्रवाई को मिलेगी रफ्तार
एक्सक्लूसिव न्यूज़ रिपोर्ट नवीन यादव
कोलकाता, 31 जुलाई। रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में ईस्टर्न रेलवे ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के बेड़े में दस नई रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल और एक सुरक्षा परिवहन बस शामिल की है। शुक्रवार को फेयरली प्लेस स्थित महाप्रबंधक कार्यालय परिसर में आयोजित समारोह के दौरान ईस्टर्न रेलवे के महाप्रबंधक मिलिंद के. देउस्कर ने नई वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
नई मोटरसाइकिलों और सुरक्षा बस के शामिल होने से आरपीएफ की परिचालन क्षमता, गतिशीलता और त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इन वाहनों के माध्यम से आरपीएफ जवानों को रेलवे परिसरों में गश्त करने, आपात स्थिति में तत्काल पहुंचने तथा अपराध की रोकथाम और निगरानी में काफी मदद मिलेगी।
रेलवे सुरक्षा बल की बढ़ी हुई गतिशीलता से सुरक्षा संबंधी घटनाओं पर तेजी से कार्रवाई संभव होगी। साथ ही रेलवे यात्रियों और रेलवे संपत्ति की सुरक्षा को और प्रभावी बनाने में भी यह कदम महत्वपूर्ण साबित होगा।
समारोह में ईस्टर्न रेलवे के आईजी-कम-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त ए.एन. सिन्हा सहित प्रधान विभागाध्यक्ष, आरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
ईस्टर्न रेलवे की ओर से कहा गया कि सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने और आरपीएफ को बेहतर संसाधन एवं आवश्यक गतिशीलता उपलब्ध कराने पर लगातार जोर दिया जा रहा है। नई गाड़ियों को बेड़े में शामिल किया जाना इसी दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है, जिसका उद्देश्य यात्रियों को अधिक सुरक्षित और बेहतर रेलवे व्यवस्था उपलब्ध कराना है।
रिपोर्ट: नवीन यादव










