अमित कुमार मीणा के नेतृत्व में आरपीएफ का रेल सुरक्षा’ अभियान, चोर-कबाड़ी पर कसा शिकंजा रेलवे संपत्ति चोरी करने वाला अभियुक्त और रिसीवर गिरफ्तार, बाल अपचारी अभिरक्षा में ₹38,103 की चोरी की रेलवे संपत्ति बरामद, प्रयागराज आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई
रिपोर्ट नवीन यादव
प्रयागराज।
रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट प्रयागराज ने ऑपरेशन “रेल सुरक्षा” के तहत रेलवे संपत्ति चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त और चोरी की संपत्ति खरीदने वाले रिसीवर (कबाड़ी) को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया। कार्रवाई के दौरान रेल कोच के अंडर फ्रेम वायर समेत कुल ₹38,103.61 मूल्य की चोरी की रेलवे संपत्ति बरामद की गई।
यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मीणा के निर्देशन एवं उप निरीक्षक नितिन कुमार के नेतृत्व में प्रभावी गश्त और निगरानी के दौरान की गई। आरपीएफ टीम ने रेलवे संपत्ति चोरी करने तथा चोरी की संपत्ति खरीदने-बेचने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सैफ खान उर्फ लम्बू, उम्र 21 वर्ष, निवासी गढ़ी सराय, थाना शाहगंज, जनपद प्रयागराज के रूप में हुई है। वहीं चोरी की रेलवे संपत्ति खरीदने वाले रिसीवर अनीश अहमद, उम्र 52 वर्ष, निवासी थाना अतरसुइया, जनपद प्रयागराज को भी गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया गया।
आरपीएफ के अनुसार, कार्रवाई के दौरान पूर्व में पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 12/26 एवं 13/26 तथा दिनांक 29 जुलाई 2026 को पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 14/26 से संबंधित रेल कोच के अंडर फ्रेम वायर बरामद किए गए। बरामद चोरी की रेलवे संपत्ति का कुल मूल्य ₹38,103.61 (अड़तीस हजार एक सौ तीन रुपये इकसठ पैसे) आंका गया है।
विधिक कार्रवाई पूर्ण करने के बाद दोनों वयस्क अभियुक्तों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जिला कारागार भेज दिया गया। वहीं बाल अपचारी को बाल सुधार गृह भेजा गया।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक नितिन कुमार, उप निरीक्षक कार्तिक मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक विजय सिंह एवं हमराह स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
रेलवे सुरक्षा बल ने कहा कि यात्रियों एवं रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के लिए आरपीएफ पूरी तरह प्रतिबद्ध है। रेलवे संपत्ति की चोरी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।










