विकास की हर ईंट पर डीआरएम की पैनी नजर, काम में लापरवाही पर सख्त रुख! होल्डिंग एरिया से स्कूल और रेलवे स्टेडियम तक अनिरुद्ध कुमार ने परखी विकास की रफ्तार—गुणवत्ता और समयसीमा से समझौता न करने के निर्देश

रिपोर्ट नवीन यादव

झांसी। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने शनिवार को वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन परिसर में चल रहे विकास कार्यों का व्यापक निरीक्षण कर निर्माण की गुणवत्ता और रफ्तार को परखा। बच्चों के बेहतर भविष्य, खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं और यात्रियों को बेहतर व्यवस्थाएं देने के उद्देश्य से चल रही परियोजनाओं की प्रगति पर डीआरएम ने अधिकारियों की जमकर खबर ली और साफ निर्देश दिए कि काम में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा और हर परियोजना तय समयसीमा में पूरी करनी होगी।

सबसे पहले डीआरएम ने स्टेशन परिसर में निर्माणाधीन होल्डिंग एरिया का निरीक्षण किया। बढ़ती यात्री भीड़ और विशेष अवसरों पर यात्रियों के बेहतर प्रबंधन के लिए तैयार की जा रही इस सुविधा की उपयोगिता को देखते हुए उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता, मजबूती और यात्री सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना को निर्धारित समय में पूरा कर यात्रियों को इसका लाभ उपलब्ध कराया जाए।

इसके बाद मंडल रेल प्रबंधक बेतवा नर्सरी स्कूल पहुंचे और वहां चल रहे विकास कार्यों की स्थिति देखी। उन्होंने बच्चों के सर्वांगीण विकास को केंद्र में रखते हुए विद्यालय में आधुनिक और सुरक्षित वातावरण तैयार करने पर जोर दिया। कक्षाओं के साथ खेल एवं गतिविधि क्षेत्रों तथा अन्य शैक्षणिक सुविधाओं को बच्चों के अनुकूल और आकर्षक बनाने के निर्देश दिए, ताकि नौनिहालों को बेहतर शिक्षा के साथ प्रेरणादायी माहौल मिल सके।

निरीक्षण के अगले चरण में डीआरएम ने रेलवे स्टेडियम का रुख किया। यहां उन्होंने विकसित की जा रही आधुनिक खेल सुविधाओं का जायजा लिया। स्टेडियम में लगाई जा रही हाई मास्ट फ्लड लाइट्स, निर्माणाधीन नए पवेलियन और अन्य खेल अवसंरचना से जुड़े कार्यों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता और संरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीआरएम ने कहा कि रेलवे स्टेडियम में विकसित हो रही सुविधाओं से खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अभ्यास का अवसर मिलेगा। साथ ही भविष्य में विभिन्न स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए भी मजबूत आधारभूत ढांचा तैयार होगा।

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी एजेंसियों को दो टूक निर्देश दिए कि गुणवत्ता, सुरक्षा, पारदर्शिता और समयबद्धता प्रत्येक परियोजना की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि झांसी मंडल में चल रहे ये विकास कार्य केवल भवन और सुविधाओं का निर्माण नहीं, बल्कि यात्रियों, रेल कर्मचारियों, बच्चों और खिलाड़ियों के बेहतर भविष्य की मजबूत नींव हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *