धारा 82 की कार्रवाई के बाद भी फरार अभियुक्त की तलाश तेज, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी आरपीएफ ने जारी किया सार्वजनिक नोटिस सुश्री उमा यादव, उप निरीक्षक ने जारी की सार्वजनिक सूचना, अभियुक्त की जानकारी देने की आमजन से अपील
रिपोर्ट: नवीन यादव
VERDICT NEWS
झांसी। रेलवे अधिनियम के मुकदमे में लंबे समय से फरार चल रहे नामजद अभियुक्त जितेंद्र अहिरवार उर्फ जीतू की तलाश अब आरपीएफ ने तेज कर दी है। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी आरपीएफ पोस्ट की ओर से अभियुक्त की तलाश में सार्वजनिक सूचना जारी कर आमजन से सहयोग की अपील की गई है।
आरपीएफ के मुताबिक अपराध संख्या 1773/2020, धारा 153 एवं 147 रेलवे एक्ट से संबंधित वाद संख्या 349/2021 सरकार बनाम अभियुक्त जितेंद्र अहिरवार उर्फ जीतू में नामजद अभियुक्त की तलाश की जा रही है। अभियुक्त जितेंद्र अहिरवार उर्फ जीतू, पुत्र सरनाम अहिरवार, उम्र करीब 25 वर्ष, निवासी ग्राम मसूदा, थाना पिछोर, चौकी हिम्मतपुर, जिला शिवपुरी, मध्य प्रदेश बताया गया है।
आरपीएफ द्वारा जारी सार्वजनिक सूचना के अनुसार अभियुक्त के उपरोक्त पते पर 01 अगस्त 2026 को धारा 82 के तहत कार्रवाई की गई है। इसके बाद भी अभियुक्त की तलाश जारी है और आरपीएफ ने उसकी गिरफ्तारी के लिए आमजन से सूचना उपलब्ध कराने की अपील की है।
आरपीएफ ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी व्यक्ति को उक्त अभियुक्त के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी मिलती है या उसके बारे में कोई सुराग प्राप्त होता है, तो तत्काल रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी को सूचित किया जाए।
सूचना देने वाले व्यक्ति की जानकारी को गोपनीय रखे जाने की अपील के साथ आरपीएफ ने फरार अभियुक्त तक पहुंचने के लिए आमजन से सहयोग मांगा है।










