बैंक हड़ताल से पहले रेलवे ने खोला वेतन का रास्ता, 25 सितंबर को कर्मचारियों के खाते में पहुंचेगा सितंबर का वेतन 28 से 30 सितंबर तक देशव्यापी बैंक हड़ताल, रेलवे बोर्ड ने सभी जोन को अग्रिम वेतन भुगतान के दिए तत्काल निर्देश
नई दिल्ली। देशभर में 28 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने सितंबर माह के कर्मचारियों के वेतन का अग्रिम भुगतान करने का फैसला लिया है। रेलवे कर्मचारियों को सितंबर का वेतन 25 सितंबर, शुक्रवार को ही जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
रेलवे बोर्ड के निदेशक स्थापना (एलएल) पीयूष कपासी ने 24 सितंबर 2026 को जारी पत्र में सभी जोनल रेलवे, उत्पादन इकाइयों, मेट्रो रेलवे, आरडीएसओ और अन्य संबंधित रेलवे संस्थानों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पत्र में कहा गया है कि 28 से 30 सितंबर तक देशभर में बैंक हड़ताल के कारण सितंबर माह के वेतन भुगतान में व्यवधान उत्पन्न हो सकता है। इस स्थिति को देखते हुए कर्मचारियों के वेतन का भुगतान 25 सितंबर को ही करने के लिए संबंधित रेलवे इकाइयों को तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।
रेलवे बोर्ड ने अपने निर्देश में 23 सितंबर 2026 को जारी कार्यालय ज्ञापन का भी हवाला दिया है। सभी संबंधित इकाइयों से उक्त कार्यालय ज्ञापन में दिए गए निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
वित्त निदेशालय की सहमति से जारी हुआ आदेश
रेलवे बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यह निर्देश रेल मंत्रालय के वित्त निदेशालय की सहमति से जारी किया गया है। आदेश की प्रतिलिपि सभी भारतीय रेलवे के प्रमुख वित्त सलाहकारों, प्रधान निदेशकों (रेलवे ऑडिट), भारत के उप नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (रेलवे) तथा रेलवे बोर्ड के सचिव को भी भेजी गई है।
रेलवे बोर्ड के इस निर्णय से बैंक हड़ताल शुरू होने से पहले ही कर्मचारियों के सितंबर माह के वेतन भुगतान की प्रक्रिया पूरी हो सकेगी और हड़ताल के दौरान बैंकिंग व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति में वेतन भुगतान को लेकर किसी संभावित परेशानी से बचा जा सकेगा।
रिपोर्ट: नवीन यादव










