पार्सल कार्यालय के बाहर अवैध मोटरसाइकिल स्टैंड से बढ़ी परेशानी सामान लादकर निकलने में पोर्टरों को होती है दिक्कत, रास्ते में खड़े रहते हैं दोपहिया वाहन
झांसी। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन के पार्सल कार्यालय के पास इन दिनों मोटरसाइकिलों के अनधिकृत रूप से खड़े किए जाने से मौके की व्यवस्था बिगड़ती नजर आ रही है। पार्सल कार्यालय के सामने और आसपास दोपहिया वाहन खड़े होने के कारण सामान लेकर आने-जाने के लिए उपलब्ध रास्ता प्रभावित हो रहा है।
स्थिति यह है कि पार्सल में सामान लेकर पहुंचने वाले या वहां से सामान बाहर निकालने वाले पोर्टरों को मोटरसाइकिलों के बीच से रास्ता बनाकर निकलना पड़ता है। कई बार भारी सामान, बोरे, कार्टन और अन्य पार्सल लदे होने के कारण पोर्टरों को वाहन निकालने में विशेष परेशानी होती है। रास्ते में वाहन खड़े होने से सामान लाने-ले जाने के दौरान टकराने और रास्ता बाधित होने की स्थिति भी बनी रहती है।
पार्सल कार्यालय का काम समयबद्ध तरीके से सामान की आवाजाही पर निर्भर रहता है। ऐसे में यदि कार्यालय के ठीक सामने या पहुंच मार्ग पर अनधिकृत पार्किंग अथवा मोटरसाइकिल स्टैंड बना दिया जाए तो इसका सीधा असर पार्सल की आवाजाही पर पड़ता है। लाइसेंसी ठेकेदार के पोर्टरों को अपने निर्धारित कार्य के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पा रही है, जिससे अनावश्यक परेशानी पैदा हो रही है।
मौके पर यह भी जांच का विषय है कि क्या उक्त स्थान पर मोटरसाइकिल स्टैंड संचालित करने की रेलवे से विधिवत अनुमति और लाइसेंस है? यदि अनुमति नहीं है तो रेलवे परिसर में वाहन खड़े कराने और उनसे शुल्क वसूलने की व्यवस्था किसके निर्देश पर चल रही है, इसकी भी जांच आवश्यक है।
डीआरएम कराएं मौके का निरीक्षण
मामले में झांसी मंडल के डीआरएम से मांग है कि संबंधित अधिकारियों को भेजकर पार्सल कार्यालय के बाहर मौके का भौतिक निरीक्षण कराया जाए। यह देखा जाए कि मोटरसाइकिलें कहां-कहां खड़ी की जा रही हैं, क्या वहां अधिकृत स्टैंड की अनुमति है और इससे पार्सल कार्यालय के आवागमन पर कितना असर पड़ रहा है।
यदि स्टैंड अनधिकृत पाया जाता है तो उसे हटाकर पार्सल कार्यालय के सामने आने-जाने का रास्ता पूरी तरह सुगम कराया जाए, ताकि पोर्टर बिना बाधा के सामान लाने-ले जाने का काम कर सकें।
रिपोर्ट: नवीन यादव
VERDICT NEWS










