लुमडिंग मंडल में सुरक्षा का शिकंजा, Sr. DSC जोथिन बी. राज ने जारी किए सख्त निर्देश ट्रेनों की सुरक्षित बहाली से लेकर सिग्नल केबल चोरी और नशाखुरानी गिरोहों पर विशेष निगरानी गुवाहाटी, डिब्रूगढ़ और दीमापुर स्टेशनों पर त्योहारों के दौरान सघन जांच अभियान
लुमडिंग। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (Sr. DSC) जोथिन बी. राज के स्तर से लुमडिंग मंडल में रेल यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे परिसंपत्तियों की निगरानी को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के साथ संवेदनशील रेलखंडों और प्रमुख स्टेशनों पर निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया गया है।
खोंगसांग तक ट्रेनों की सुरक्षित बहाली पर जोर
सचिवालय स्तर पर हुई उच्चस्तरीय बैठक में जोथिन बी. राज की मौजूदगी में अगरतला-खोंगसांग जन शताब्दी एक्सप्रेस सहित यात्री ट्रेनों की सेवाओं को खोंगसांग तक सुरक्षित ढंग से बहाल करने को लेकर चर्चा हुई। संबंधित रेलखंड पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखने और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
सिग्नल केबल पर नजर, गश्त बढ़ाने के निर्देश
लुमडिंग मंडल के संवेदनशील रेलखंडों में रेलवे सिग्नल एवं दूरसंचार व्यवस्था से जुड़ी केबल चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए आरपीएफ के जमीनी अमले को गश्त तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। रेलवे की महत्वपूर्ण परिसंपत्तियों की सुरक्षा और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल नजर रखने पर विशेष जोर है।
त्योहारी भीड़ में संदिग्धों की होगी सघन जांच
त्योहारी सीजन को देखते हुए गुवाहाटी, डिब्रूगढ़ और दीमापुर जैसे प्रमुख स्टेशनों पर सुरक्षा जांच बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। संदिग्ध व्यक्तियों के साथ-साथ यात्रियों को निशाना बनाने वाले नशाखुरानी गिरोहों पर विशेष निगरानी और कार्रवाई के लिए सघन अभियान चलाने पर जोर दिया गया है। उद्देश्य साफ है—त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली यात्री भीड़ के बीच रेल यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना।










