गांधी-शास्त्री जयंती पर झांसी मंडल में गूंजा स्वच्छता का संकल्प डीआरएम अनिरुद्ध कुमार ने दिलाई स्वच्छ रेल-स्वच्छ भारत की शपथ, श्रद्धांजलि से लेकर पौधरोपण तक हुए आयोजन झांसी समेत मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर रेलकर्मियों, सफाई मित्रों और स्काउट-गाइड ने लिया स्वच्छता का संकल्प

 रिपोर्ट नवीन यादव 

झांसी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर झांसी मंडल में श्रद्धांजलि, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के नेतृत्व में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में सर्वधर्म प्रार्थना सभा हुई। अधिकारियों, कर्मचारियों और स्काउट एंड गाइड के बच्चों ने सहभागिता की। गांधी और शास्त्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके सत्य, अहिंसा, सादगी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को याद किया गया। इसके बाद डांडी चौक स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।

स्वच्छता के लिए 100 घंटे देने का संकल्प

स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत स्वच्छ भारत दिवस पर रेलकर्मियों, उनके परिवारों और सफाई मित्रों ने स्वच्छता अभियान में भाग लिया। स्वच्छ रथ और प्रभात फेरी के माध्यम से लोगों को रेलवे परिसरों तथा सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान स्वच्छता को केवल अभियान नहीं, बल्कि दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और इसके लिए 100 घंटे समर्पित करने का संदेश दिया गया।

‘एक पेड़ मां के नाम’ से पर्यावरण संरक्षण का संदेश

इसी क्रम में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया गया। डीआरएम अनिरुद्ध कुमार सहित अधिकारियों और कर्मचारियों ने पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाने तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया गया। उत्तर मध्य रेलवे द्वारा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए एक करोड़ पौधों के रोपण का अभियान चलाया जा रहा है।

झांसी से ग्वालियर-मुरैना तक स्टेशनों पर संकल्प

झांसी मंडल के वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ग्वालियर, ललितपुर, उरई, बांदा, महोबा, चित्रकूट धाम कर्वी, भिंड और मुरैना सहित विभिन्न स्टेशनों पर भी स्वच्छता संकल्प कार्यक्रम हुए। रेल अधिकारियों, कर्मचारियों और सफाई मित्रों ने स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ रेल परिसर और स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने तथा यात्रियों को जागरूक करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक इंफ्रा प्रेम प्रकाश, अपर मंडल रेल प्रबंधक परिचालन नंदीश शुक्ल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप स्वरूप मिश्र, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर समन्वय आशुतोष चौरसिया, वरिष्ठ डीईएनएचएम आनंद गुप्ता, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर रश्मि गौतम, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक फ्रेट नीरज भटनागर सहित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *