झाँसी में पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि आईजी आकाश कुलहरि और एसएसपी विकास कुमार ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर वीर पुलिसकर्मियों के बलिदान को किया नमन
रिपोर्ट नवीन यादव
झाँसी। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को पुलिस लाइन झाँसी स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस महानिरीक्षक झाँसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरि और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार सहित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कर्तव्यपालन के दौरान प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान राष्ट्र और समाज की सुरक्षा, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों के साहस, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा को याद किया गया। अधिकारियों ने शहीद पुलिसकर्मियों के त्याग और समर्पण से प्रेरणा लेते हुए जनसेवा, जनसुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहने का संकल्प व्यक्त किया।
झाँसी पुलिस ने देश और समाज की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए सभी पुलिसकर्मियों को नमन करते हुए उनके सर्वोच्च बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।










