तीन कुर्सियों की बेबसी से सम्मान के मीडिया हाउस तक… पत्रकारों की पीड़ा समझ डीआरएम अनिरुद्ध कुमार ने बदल दी जनसंपर्क विभाग की तस्वीर! जहां कभी बैठने की जगह को लेकर होती थी असहजता, वहां अब पत्रकारों को मिलेगा सम्मान और आत्मीयता का एहसास; जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह के प्रयासों को मिली सफलता।

 

 

झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल का जनसंपर्क विभाग लंबे समय से पत्रकारों के बीच चर्चा का विषय बना रहता था। वजह कोई बड़ी प्रशासनिक समस्या नहीं, बल्कि पत्रकारों के बैठने के लिए उपलब्ध महज तीन कुर्सियां थीं, जबकि वहां पहुंचने वाले पत्रकारों की संख्या पांच या उससे अधिक होती थी। ऐसे में कुर्सी पर बैठने को लेकर अक्सर असहज स्थिति पैदा हो जाती थी। जिसे कुर्सी नहीं मिलती, उसे खड़े होकर इंतजार करना पड़ता था। कई बार वरिष्ठ पत्रकारों की मौजूदगी में भी यह स्थिति असहजता का कारण बनती थी। इस समस्या को लेकर पूर्व में समाचार भी प्रकाशित हो चुके थे।

लेकिन अब झांसी मंडल के जनसंपर्क विभाग की वर्षों पुरानी तस्वीर बदलने जा रही है। जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह के प्रयासों और मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार की सकारात्मक सोच एवं दूरदर्शिता से पत्रकारों के लिए एक आधुनिक मीडिया हाउस तैयार कराया गया है। इसमें पत्रकारों के बैठने के लिए उचित व्यवस्था की गई है, ताकि समाचार संकलन और रेलवे से जुड़ी जानकारियां प्राप्त करने के लिए आने वाले मीडियाकर्मियों को सम्मानजनक वातावरण मिल सके।

इतना ही नहीं, जनसंपर्क अधिकारी के लिए भी नया चैंबर तैयार कराया गया है। इससे विभागीय कार्यों के संचालन और पत्रकारों के साथ संवाद की व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकेगा।

इस नई व्यवस्था का उद्घाटन आज मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार द्वारा किया जाएगा। यह पहल केवल बैठने की व्यवस्था में बदलाव नहीं, बल्कि पत्रकारों की लंबे समय से चली आ रही समस्या को समझने और उनके सम्मान को महत्व देने की सकारात्मक सोच का उदाहरण है।

कभी तीन कुर्सियों के बीच जगह पाने की जद्दोजहद होती थी, आज उसी स्थान पर पत्रकारों के लिए मीडिया हाउस तैयार है। यह बदलाव बताता है कि प्रशासन जब अपनी जिम्मेदारी के साथ संवेदनशीलता भी दिखाता है, तो छोटी-सी पहल भी बड़ी मिसाल बन जाती है।

निश्चित रूप से मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार की यह पहल और जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह के प्रयास झांसी मंडल में रेलवे और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय एवं संवाद की नई इबारत लिखेंगे।

रिपोर्ट: नवीन यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *