पत्रकारों के सम्मान को मिला नया मुकाम, झांसी मंडल में आधुनिक मीडिया हाउस का शुभारंभ  वरिष्ठ पत्रकार मोहन नेपाली ने फीता काटकर किया उद्घाटन, डीआरएम अनिरुद्ध कुमार रहे मौजूद; एडीआरएम नंदीश शुक्ला, सीनियर डीसीएम अमन वर्मा पीआरओ मनोज कुमार सिंह सहित अनेक अधिकारी रहे उपस्थित।

 

 

झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल का जनसंपर्क विभाग लंबे समय से पत्रकारों के बीच चर्चा का विषय बना रहता था। वजह कोई बड़ी प्रशासनिक समस्या नहीं, बल्कि पत्रकारों के बैठने के लिए उपलब्ध महज तीन कुर्सियां थीं, जबकि वहां पहुंचने वाले पत्रकारों की संख्या पांच या उससे अधिक होती थी। ऐसे में कुर्सी पर बैठने को लेकर अक्सर असहज स्थिति पैदा हो जाती थी। जिसे कुर्सी नहीं मिलती, उसे खड़े होकर इंतजार करना पड़ता था। इस समस्या को लेकर पूर्व में समाचार भी प्रकाशित हो चुके थे।

लेकिन अब झांसी मंडल के जनसंपर्क विभाग की तस्वीर बदल गई है। जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह के प्रयासों और मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार की सकारात्मक सोच एवं दूरदर्शिता से पत्रकारों के लिए आधुनिक मीडिया हाउस तैयार कराया गया है। इसमें पत्रकारों के बैठने के लिए उचित व्यवस्था की गई है, ताकि समाचार संकलन और रेलवे से जुड़ी जानकारियां प्राप्त करने के लिए आने वाले मीडियाकर्मियों को सम्मानजनक वातावरण मिल सके।

मीडिया हाउस का उद्घाटन मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार की उपस्थिति में वरिष्ठ पत्रकार मोहन नेपाली ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नंदीश शुक्ला, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा सहित रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

इतना ही नहीं, जनसंपर्क अधिकारी के लिए भी नया चैंबर तैयार कराया गया है। इससे विभागीय कार्यों के संचालन और पत्रकारों के साथ संवाद की व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकेगा।

यह पहल केवल बैठने की व्यवस्था में बदलाव नहीं, बल्कि पत्रकारों की लंबे समय से चली आ रही समस्या को समझने और उनके सम्मान को महत्व देने वाली सकारात्मक सोच का उदाहरण है।

कभी बैठने के लिए सीमित कुर्सियों के बीच जगह पाने की जद्दोजहद होती थी, आज उसी स्थान पर पत्रकारों के लिए आधुनिक मीडिया हाउस तैयार है। यह बदलाव बताता है कि प्रशासन जब अपनी जिम्मेदारी के साथ संवेदनशीलता भी दिखाता है, तो छोटी-सी पहल भी बड़ी मिसाल बन जाती है।

निश्चित रूप से मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार की सकारात्मक पहल और जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह के प्रयास झांसी मंडल में रेलवे और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय एवं संवाद की नई इबारत लिखेंगे।

रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *