41 दिवसीय एकांत साधना पूर्ण कर साधना कक्ष से बाहर आए महंत राधामोहन दास, श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर किया भव्य स्वागत हवन-पूजन के साथ विश्व कल्याण की कामना, साधु-संतों का सम्मान कर कराया भंडारा; गुरुदेव के दर्शन के लिए उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

 

 

झांसी। ग्वालियर रोड स्थित कुंजबिहारी मंदिर में कार्तिक रास पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को भक्ति और आध्यात्मिकता का अनूठा संगम देखने को मिला। बुंदेलखंड धर्माचार्य महंत राधामोहन दास महाराज ने अपनी 41 दिवसीय एकांत साधना पूर्ण करने के बाद साधना कक्ष से बाहर आकर श्रद्धालुओं को दर्शन दिए। इस ऐतिहासिक और धार्मिक अवसर पर सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। गुरुदेव के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।

 

महंत राधामोहन दास महाराज के साधना कक्ष से बाहर आते ही श्रद्धालुओं ने आतिशबाजी और पुष्पवर्षा कर उनका आत्मीय स्वागत किया। भक्तों में गुरुदेव के दर्शन को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। इसके उपरांत महंत ने भगवान कुंजबिहारी जू एवं राधारानी जू की विधिवत महाआरती उतारी। मंदिर परिसर में मंगल गीतों और धार्मिक अनुष्ठानों से वातावरण भक्तिमय हो गया।

 

इस अवसर पर मंदिर में विराजमान सभी देवी-देवताओं के विग्रहों का अभिषेक कर मनमोहक श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसर को विभिन्न प्रकार के सुगंधित पुष्पों से सजाया गया तथा भगवान कुंजबिहारी सरकार के चरणों में दिव्य फूल बंगला समर्पित किया गया। शाम को समाज गायन का आयोजन हुआ, जिसमें बुंदेलखंड के ख्यातिलब्ध कलाकारों ने शास्त्रीय संगीत की धुनों पर मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर देर रात तक श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर किया।

 

महंत राधामोहन दास महाराज के पावन सानिध्य में विद्वान आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन संपन्न कराया। विश्व कल्याण और जनमंगल की कामना के साथ सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हवन कुंड में आहुतियां अर्पित कीं। इसके बाद महाराज ने साधु-संतों का दर्शन-पूजन एवं वंदन कर उन्हें दक्षिणा भेंट की और सम्मानपूर्वक विदा किया। तत्पश्चात विप्रजनों सहित उपस्थित श्रद्धालुओं को भंडारे में प्रसाद ग्रहण कराया गया।

 

2013 से निभा रहे 41 दिवसीय एकांत साधना की परंपरा

 

कुंजबिहारी आश्रम की धार्मिक परंपरा के अनुसार महंत राधामोहन दास महाराज वर्ष 2013 से प्रतिवर्ष 41 दिवसीय एकांत साधना करते आ रहे हैं। उनसे पूर्व ब्रह्मलीन महंत बिहारीलाल महाराज ने लगातार 50 वर्षों तक प्रतिवर्ष 41 दिवसीय एकांत साधना की परंपरा का निर्वहन किया था। उनके बाद गद्दी पर आसीन हुए महंत राधामोहन दास महाराज ने गुरु आज्ञा को सर्वोपरि रखते हुए वर्ष 2013 से इस परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाया है।

 

इस धार्मिक आयोजन में महंत माधवदास सेमरी, कोतवाल हेतराम रामायणी, मनु महाराज, बालकदास महाराज एवं मंदिर के व्यवस्थापक पवनदास सहित अनेक साधु-संत और श्रद्धा

लु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *