होमगार्ड भर्ती परीक्षा: 6 केंद्रों पर 12960 अभ्यर्थी देंगे इम्तिहान, पीलीभीत में कड़ी चेकिंग के बाद एंट्री
पीलीभीत में होमगार्ड भर्ती की लिखित परीक्षा शनिवार से शुरू हो गई है। तीन दिनों तक चलने वाली इस परीक्षा में 12,960 अभ्यर्थी शहर के छह केंद्रों पर अपना भाग्य आजमाएंगे, जिसके लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया की लिखित परीक्षा का आगाज शनिवार से हो गया। सुबह आठ बजे से केंद्रों पर परीक्षार्थियों का प्रवेश शुरू हुआ। प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
इसके लिए शहर के छह प्रमुख शिक्षण संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, यहां आगामी तीन दिनों 25, 26 और 27 अप्रैल तक चलने वाली इस परीक्षा में कुल 12,960 अभ्यर्थी अपना भाग्य आजमाएंगे।
शहर के छह केंद्रों पर संपन्न होगी परीक्षा, 12960 परीक्षार्थी होंगे शामिल
भर्ती परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली सुबह 10 से 12 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर तीन से पांच बजे तक होगी। परीक्षा के लिए ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज, जीजीआईसी, एसएन इंटर कॉलेज, सनातन धर्म बांके बिहारी इंटर कॉलेज, उपाधि महाविद्यालय और राजकीय पॉलिटेक्निक को केंद्र बनाया गया है। प्रत्येक दिन दोनों पालियों को मिलाकर कुल 4,320 परीक्षार्थी शामिल होंगे।










