B.Ed प्रवेश परीक्षा आज, 72 जिलों के 1011 केंद्रों पर बैठेंगे 4.45 लाख अभ्यर्थी, AI कमांड सेंटर से होगी निगरानी
उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 आज 72 जिलों के 1011 केंद्रों पर आयोजित हो रही है, जिसमें 4.45 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे।
उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 रविवार को प्रदेश के 72 जिलों के 1011 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक चलेगी।
परीक्षा में कला, विज्ञान, वाणिज्य और कृषि वर्ग के कुल 4,44,958 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इनमें 2,72,659 छात्राएं और 1,72,297 छात्र हैं। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय ने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष और नकलविहीन बनाने के लिए 37 हजार अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
विश्वविद्यालय के 167 शिक्षक और अधिकारी प्रतिनिधि के रूप में प्रदेश के विभिन्न जिलों में भेजे गए हैं। इसके अलावा 526 केंद्र अधीक्षक, जिला समन्वयक, नोडल अधिकारी, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और 23,500 कक्ष निरीक्षक परीक्षा संचालन में लगाए गए हैं। मऊ और शामली जिले में पहली बार एक-एक ट्रांसजेंडर अभ्यर्थी भी शामिल होंगे।
एआई आधारित कमांड कंट्रोल सेंटर से होगी निगरानी
2448 दिव्यांग अभ्यर्थी परीक्षा देंगे, जिनमें 183 नेत्रहीन हैं। सर्वाधिक 62 प्रतिशत अभ्यर्थी कला संकाय से हैं, जबकि 32 प्रतिशत विज्ञान वर्ग के हैं। सामान्य वर्ग के 2.36 लाख से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। वाराणसी में सबसे अधिक 48,218 अभ्यर्थी 106 केंद्रों पर परीक्षा देंगे। इसके बाद गोरखपुर में 32,530 और प्रयागराज में 23,588 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
सबसे कम 965 अभ्यर्थी बलरामपुर में परीक्षा देंगे। श्रावस्ती, ललितपुर और बांदा में परीक्षा केंद्र नहीं बनाए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले प्रत्येक अभ्यर्थी की फोटो और बायोमीट्रिक जांच की जाएगी। सभी केंद्र एआई आधारित कमांड कंट्रोल सेंटर से जुड़े रहेंगे।
किसी कक्ष में निर्धारित संख्या से अधिक अभ्यर्थी होने, असामान्य गतिविधि या अन्य गड़बड़ी की स्थिति में कंट्रोल सेंटर पर तुरंत अलार्म बजेगा। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि बाडी-वार्न कैमरों के साथ तैनात रहेंगे और प्रदेशभर की गतिविधियों की रियल टाइम निगरानी की जाएगी। वर्ष 2023 के बाद यह सबसे बड़ी बीएड प्रवेश परीक्षा होगी। पिछले दो वर्षों की तुलना में अभ्यर्थियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।










