तीन दिवसीय पुलिस भर्ती परीक्षा में रेलवे के विशेष प्रबंध, डीआरएम अनिरुद्ध कुमार की निगरानी में 15 हजार अभ्यर्थियों को मिली राहत
रिपोर्ट नवीन यादव
झांसी। उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा-2026 के तीन दिवसीय आयोजन के दौरान अभ्यर्थियों के सुगम, सुरक्षित एवं समयबद्ध आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए झांसी रेल मंडल द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की गईं। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन में 8, 9 एवं 10 जून को आयोजित परीक्षा के दौरान अतिरिक्त यात्री दबाव को देखते हुए 12 परीक्षा विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया, जिससे लगभग 15 हजार अभ्यर्थियों को सुविधा प्राप्त हुई।
रेलवे प्रशासन के अनुसार तीन दिवसीय परीक्षा अवधि में झांसी से कानपुर के लिए 6, ललितपुर से कानपुर वाया झांसी के लिए 3 तथा बांदा से प्रयागराज के लिए 3 परीक्षा विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया। इन ट्रेनों के माध्यम से हजारों अभ्यर्थी समय पर अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंच सके।
परीक्षा के दौरान वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार स्वयं व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। उन्होंने यात्री सुविधाओं, भीड़ प्रबंधन तथा विशेष ट्रेनों के संचालन की लगातार समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए विभिन्न स्टेशनों पर टिकट काउंटरों, प्लेटफार्मों तथा प्रवेश एवं निकास द्वारों पर अतिरिक्त व्यवस्थाएं की गईं। मंडल स्तर पर स्थापित नियंत्रण कक्ष से प्रमुख स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से स्थिति की सतत निगरानी की गई। अधिकारियों ने स्टेशन परिसरों एवं प्लेटफार्मों का नियमित निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार त्वरित निर्णय भी लिए।
रेलवे प्रशासन ने आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन के लिए वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पर दो अतिरिक्त अनारक्षित परीक्षा विशेष रैक भी उपलब्ध रखे। साथ ही स्टेशन परिसरों में स्वच्छता, सुरक्षा, मार्गदर्शन एवं सहायता संबंधी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया गया।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं एवं अन्य महत्वपूर्ण अवसरों पर यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है। तीन दिवसीय पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के दौरान संचालित विशेष ट्रेनों ने हजारों अभ्यर्थियों को राहत प्रदान करते हुए उनकी यात्रा को सुगम बनाया।






