डीआरएम अनिरुद्ध कुमार के दिशा-निर्देशन में रेल परिचालन को मिली नई गति, कई रेलखंडों पर बढ़ाई गई ट्रेनों की अधिकतम रफ्तार

रिपोर्ट नवीन यादव
झांसी। झांसी मंडल में रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित, सुगम एवं समयबद्ध बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धियां प्राप्त हुई हैं। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के दिशा-निर्देशन में मई 2026 के दौरान विभिन्न रेलखंडों पर अधोसंरचना विकास कार्य पूर्ण होने के बाद ट्रेनों की अधिकतम अनुमेय गति में वृद्धि की गई है।
इसी क्रम में आंतरी-संदलपुर रेलखंड पर जोड़ एवं संपर्क कार्य तथा डाउन मुख्य रेलपथ के स्थायी परिवर्तन कार्य पूर्ण होने के बाद इस खंड पर ट्रेनों की अधिकतम अनुमेय गति 100 किलोमीटर प्रति घंटा से बढ़ाकर 110 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है।
इसके अलावा बरुआसागर एवं टेहरका स्टेशनों के मध्य नव-निर्मित 22.026 किलोमीटर लंबी दोहरी रेल लाइन तथा झांसी-मानिकपुर रेलखंड के किलोमीटर 1149.995 से 1150.315 तक जोड़ एवं संपर्क कार्य पूर्ण होने के उपरांत इस खंड पर भी ट्रेनों की अधिकतम अनुमेय गति 100 किलोमीटर प्रति घंटा से बढ़ाकर 110 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है।
इसी प्रकार रागौल एवं अकोना स्टेशनों के मध्य नव-निर्मित 12.50 किलोमीटर लंबी बड़ी रेल लाइन की दोहरी पटरी तथा जोड़ एवं संपर्क कार्य शुरू होने के बाद इस खंड पर ट्रेनों की अधिकतम अनुमेय गति 85 किलोमीटर प्रति घंटा से बढ़ाकर 95 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है।
इन कार्यों के पूर्ण होने से रेल परिचालन क्षमता में वृद्धि होगी, ट्रेनों के समय पालन में सुधार आएगा तथा यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और तेज यात्रा का लाभ मिलेगा। झांसी मंडल द्वारा रेलवे अधोसंरचना के आधुनिकीकरण एवं क्षमता विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *