वायरल वीडियो की हकीकत आई सामने, इंजन खराबी नहीं बल्कि री-वेल्डिंग कार्य से रुकी थी ट्रेन उत्तर मध्य रेलवे ने जारी किया स्पष्टीकरण, सुरक्षा कार्य के कारण गढ़मऊ स्टेशन पर नियंत्रित रही गाड़ी संख्या 20104

वायरल वीडियो की हकीकत आई सामने, इंजन खराबी नहीं बल्कि री-वेल्डिंग कार्य से रुकी थी ट्रेन

उत्तर मध्य रेलवे ने जारी किया स्पष्टीकरण, सुरक्षा कार्य के कारण गढ़मऊ स्टेशन पर नियंत्रित रही गाड़ी संख्या 20104

रिपोर्ट नवीन यादव

झांसी। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में कानपुर से झांसी आ रही गाड़ी संख्या 20104 एलटीटी एक्सप्रेस के इंजन में खराबी आने तथा यात्रियों के पैदल झांसी पहुंचने के दावे किए जा रहे थे। मामले को लेकर उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क विभाग ने आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी करते हुए वायरल दावों को भ्रामक बताया है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार झांसी–कानपुर रेलखंड के झांसी–मुस्तरा ब्लॉक सेक्शन में स्थित रेलवे पुल (किमी संख्या 1130/9-7) पर रेलपथ की सुरक्षा एवं संरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से री-वेल्डिंग कार्य कराया जा रहा था। इस कार्य के लिए प्रातः 6:20 बजे से 10:20 बजे तक अप एवं डाउन दोनों दिशाओं में परिचालन ब्लॉक लिया गया था।

जनसंपर्क विभाग के अनुसार पुल पर किए जा रहे कार्य में तकनीकी जटिलता आने के कारण निर्धारित समय में कार्य पूर्ण नहीं हो सका तथा इसे समाप्त करने में अतिरिक्त 2 घंटे 16 मिनट का समय लगा। रेल प्रशासन ने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी निर्धारित मानकों एवं प्रक्रियाओं का पालन करते हुए अनुरक्षण कार्य को पूर्ण कराया।

रेलवे के मुताबिक इसी कारण गाड़ी संख्या 20104 एलटीटी एक्सप्रेस को गढ़मऊ स्टेशन पर लगभग 2 घंटे 16 मिनट तक नियंत्रित रखा गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ट्रेन को इंजन की खराबी के कारण नहीं रोका गया था, बल्कि रेलपथ पर चल रहे सुरक्षा संबंधी अनुरक्षण कार्य के चलते परिचालन प्रभावित हुआ था।

उत्तर मध्य रेलवे ने बताया कि विलंब के बावजूद गाड़ी संख्या 20104 का झांसी स्टेशन पर आगमन समय दोपहर 1:10 बजे रहा। उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपराह्न 3 बजे आयोजित परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए झांसी पहुंचने के बाद लगभग दो घंटे का पर्याप्त समय उपलब्ध रहा।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा एवं संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा है कि अनुरक्षण कार्यों के दौरान गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाता। साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करने तथा आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करने की अपील की गई है। :::

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *