डीआरएम अनिरुद्ध कुमार बोले: अलार्म चेन पुलिंग के बाद ट्रैक पर उतरे यात्री पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आए, हादसे की जांच को जेएजी समिति गठित
रिपोर्ट नवीन यादव
झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के हेतमपुर–धौलपुर रेलखंड पर रविवार को एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। गाड़ी संख्या 19665 खजुराहो–उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में किसी यात्री द्वारा अलार्म चेन पुलिंग (एसीपी) किए जाने के बाद ट्रेन सेक्शन में रुक गई। इसके बाद कुछ यात्री बिना अनुमति ट्रेन से उतरकर समीपवर्ती रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए, जहां अप दिशा से आ रही गाड़ी संख्या 20424 फिरोजपुर–सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से कई यात्रियों के हताहत होने की सूचना है।
उत्तर मध्य रेलवे झांसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि यह घटना रविवार 14 जून 2026 को लगभग 4:15 बजे हेतमपुर–धौलपुर रेलखंड पर हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि खजुराहो–उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के इंजन से दूसरे जनरल कोच में किसी यात्री द्वारा अलार्म चेन पुलिंग की गई, जिससे ट्रेन बीच सेक्शन में रुक गई। इसके बाद कुछ यात्री ट्रेन से उतरकर गलत स्थान पर रेलवे ट्रैक पर खड़े हो गए अथवा ट्रैक पार करने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान पातालकोट एक्सप्रेस वहां से गुजर रही थी, जिसकी चपेट में आने से यह दुखद हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी), स्थानीय प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा रेलवे के कर्मचारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई तथा अन्य प्रभावित यात्रियों को हर संभव मदद दी गई।
डीआरएम अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि प्रारंभिक तथ्यों के अनुसार हादसा अलार्म चेन पुलिंग के बाद यात्रियों के अनधिकृत रूप से ट्रेन से उतरने और रेलवे ट्रैक पर जाने के कारण हुआ। हालांकि, अलार्म चेन पुलिंग किस कारण की गई, इसका अभी तक पता नहीं चल सका है।
घटना की विस्तृत जांच के लिए जेएजी (JAG) अधिकारियों की एक उच्चस्तरीय जांच समिति गठित कर दी गई है, जो हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर अपनी रिपोर्ट देगी।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी परिस्थिति में चलती अथवा रुकी हुई ट्रेन से बिना अनुमति नीचे न उतरें और रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करें। थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।










