खजुराहो–उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस से जुड़ी दुखद घटना: सूचना मिलते ही रेलवे, आरपीएफ, जीआरपी व स्थानीय प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे, राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू
रिपोर्ट नवीन यादव
झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के हेतमपुर–धौलपुर रेलखंड पर रविवार को गाड़ी संख्या 19665 खजुराहो–उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस से जुड़ी एक दुखद घटना सामने आई। रेलवे प्रशासन के अनुसार, शाम लगभग 4:15 बजे ट्रेन के इंजन से दूसरे जनरल कोच में किसी यात्री द्वारा अलार्म चेन पुलिंग (एसीपी) किए जाने के कारण ट्रेन सेक्शन में रुक गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रेन रुकने के दौरान कुछ यात्री बिना अनुमति ट्रेन से उतरकर समीपवर्ती रेल लाइन पर चले गए। इसी दौरान अप दिशा से आ रही गाड़ी संख्या 20424 फिरोजपुर–सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से कुछ यात्रियों के हताहत होने की सूचना प्राप्त हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही उत्तर मध्य रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) तथा स्थानीय प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को तत्काल चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई गई तथा प्रभावित यात्रियों को हरसंभव सहायता प्रदान की जा रही है।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि घटना के कारणों एवं परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा रही है। साथ ही यात्रियों से अपील की गई है कि किसी भी परिस्थिति में चलती अथवा रुकी हुई ट्रेन से बिना अनुमति नीचे न उतरें तथा अपनी सुरक्षा के लिए रेलवे के निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करें।
उत्तर मध्य रेलवे ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।










