मुरैना में दर्दनाक रेल हादसा: आग की अफवाह से मची भगदड़, दूसरी ट्रेन की चपेट में आने से छह से अधिक यात्रियों की मौत
रिपोर्ट : नवीन यादव
मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में रविवार शाम एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैलने के बाद घबराए कई यात्रियों ने चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। इसी दौरान दूसरी पटरी से तेज गति से गुजर रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से छह से अधिक यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाम करीब 4 बजे उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस मुरैना से धौलपुर की ओर रवाना हुई थी। ट्रेन के हेतमपुर स्टेशन के समीप पहुंचते ही किसी यात्री द्वारा कोच में आग लगने की अफवाह फैला दी गई। अफवाह फैलते ही डिब्बों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई यात्री घबराकर चलती ट्रेन से नीचे उतरने लगे।
बताया जा रहा है कि जिस समय यात्री ट्रेन से कूद रहे थे, उसी दौरान दूसरी पटरी पर धौलपुर से मुरैना की ओर जा रही पातालकोट एक्सप्रेस तेज रफ्तार से गुजर रही थी। चलती ट्रेन से उतरे कई यात्री उसकी चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही छह से अधिक लोगों की मौत हो गई। हादसे में कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। रेलवे अधिकारियों ने हादसे की जांच शुरू कर दी है तथा अफवाह फैलने के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।










