रिपोर्ट नवीन यादव

नागपुर। रेलवे यात्रियों की सुरक्षा तथा रेलवे परिसरों को अपराधमुक्त बनाने के उद्देश्य से रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) लगातार विशेष अभियान चला रहा है। इसी क्रम में नागपुर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की अपराध खुफिया शाखा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति के कब्जे से 12 किलोग्राम से अधिक प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद किया। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब ₹2.5 लाख बताई जा रही है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

आरपीएफ द्वारा चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में संदिग्ध व्यक्तियों की लगातार निगरानी और सघन जांच की जा रही है। इसी अभियान के दौरान गोवा के चर्चित हत्याकांड से जुड़े दो आरोपियों को भी नागपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया, जिन्हें आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए संबंधित एजेंसी के सुपुर्द किया गया।

उधर, मुंबई में भी आरपीएफ को एक अन्य महत्वपूर्ण सफलता मिली। यहां फर्जी पहचान पत्र (आईडी) के आधार पर स्वयं को आरपीएफ कर्मी बताकर घूम रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि रेलवे परिसरों में अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी तथा असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष अभियान निरंतर जारी रहेंगे। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त मनोज कुमार के दिशा-निर्देश में आरपीएफ की टीमें रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में लगातार सतर्कता बरतते हुए यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अभियान चला रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *