सीएमओ डॉ. शिशिर पुरी की अपील: 664 बालिकाओं को लगी एचपीवी वैक्सीन, सर्वाइकल कैंसर से बचाव का प्रभावी कदम

रिपोर्ट: नवीन यादव

झांसी, 20 जून। सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए झांसी जनपद में चलाए जा रहे एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान को बड़ी सफलता मिली है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने बताया कि विशेष अभियान के तहत एक ही दिन में 664 किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई।

उन्होंने बताया कि जनपद के सभी स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किए गए। विकासखंड बंगरा में सर्वाधिक 114 किशोरियों को 39 टीकाकरण सत्रों के माध्यम से टीका लगाया गया। डॉ. पुरी ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन वायरस के चार प्रमुख प्रकार—6, 11, 16 और 18—से सुरक्षा प्रदान करती है। भारत में सर्वाइकल कैंसर के लगभग 83 प्रतिशत मामलों के लिए एचपीवी टाइप-16 और टाइप-18 जिम्मेदार माने जाते हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अभिभावकों से अपील की कि जिन बेटियों ने 14 वर्ष की आयु पूरी कर ली है और अभी 15वां जन्मदिन नहीं मनाया है, उन्हें समय पर एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवाएं, ताकि भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सके।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. रविशंकर ने बताया कि पहले यह टीका केवल जिला महिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर लगाया जाता था। अब प्रत्येक माह के तृतीय शुक्रवार को आयोजित नियमित टीकाकरण सत्रों में एएनएम द्वारा भी एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है।

उन्होंने बताया कि इसके अलावा प्रत्येक रविवार को आयोजित आरोग्य मेला तथा प्रत्येक माह की 1, 9, 16 और 24 तारीख को आयोजित प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) दिवस पर भी पात्र किशोरियों का एचपीवी टीकाकरण किया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग ने जनपद के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी पात्र बेटियों का समय पर एचपीवी टीकाकरण कराकर उन्हें सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित भविष्य प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *