डीआरएम अनिरुद्ध कुमार के निर्देश पर NEET-2026 के लिए झांसी मंडल की व्यापक तैयारियाँ, तीन स्टेशनों पर हेल्प डेस्क व स्पेशल ट्रेनें तैयार

 

रिपोर्ट: नवीन यादव

झांसी, 21 जून। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) के सफल एवं सुचारु आयोजन को ध्यान में रखते हुए उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल ने परीक्षार्थियों की सुविधा एवं सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक व्यवस्थाएँ की हैं। मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अनिरुद्ध कुमार के निर्देश पर सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

परीक्षार्थियों की सहायता एवं मार्गदर्शन के लिए झांसी, ग्वालियर एवं बांदा रेलवे स्टेशनों पर विशेष हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। इन हेल्प डेस्कों के माध्यम से अभ्यर्थियों को ट्रेन एवं प्लेटफॉर्म संबंधी जानकारी, स्टेशन परिसर में मार्गदर्शन, स्थानीय परिवहन की जानकारी तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों को परीक्षा केंद्र तक पहुँचने में सुविधा मिल सके।

संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए झांसी, ग्वालियर और बांदा स्टेशन पर आवश्यकता पड़ने पर तत्काल संचालन के लिए प्रत्येक स्टेशन पर एक-एक विशेष ट्रेन तैयार रखी गई है। जरूरत के अनुसार इन ट्रेनों का संचालन कर परीक्षार्थियों को सुगम एवं सुरक्षित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

रेल प्रशासन ने स्टेशन पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती भी की है। यात्रियों एवं परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पेयजल व्यवस्था, कोच वाटरिंग, स्टेशन परिसर की स्वच्छता, वाटर कूलरों की कार्यशीलता, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, पंखों एवं प्रकाश व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही टिकट काउंटरों की पर्याप्त उपलब्धता, ट्रेनों एवं प्लेटफॉर्मों से संबंधित नियमित घोषणाएँ तथा एटीवीएम एवं अन्य टिकटिंग मशीनों के सुचारु संचालन को भी सुनिश्चित किया गया है।

उत्तर मध्य रेलवे का झांसी मंडल परीक्षार्थियों की सुविधाजनक, सुरक्षित एवं समयबद्ध यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा सभी अभ्यर्थियों को NEET-2026 परीक्षा के लिए शुभकामनाएँ दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *