ऑटो चालकों पर आरपीएफ की सख्ती, धौलपुर रेलवे स्टेशन पर लागू हुए नए नियम यात्रियों की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए प्लेटफार्म पर टहलने से बचने की अपील, अव्यवस्थित पार्किंग करने वालों पर होगी कार्रवाई
रिपोर्ट : नवीन यादव
धौलपुर। आगरा मंडल के धौलपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा एवं स्टेशन परिसर में व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने विशेष अभियान शुरू किया है। स्टेशन पर बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए आरपीएफ ने सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करते हुए ऑटो चालकों, दोपहिया वाहन चालकों तथा आम लोगों के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि स्टेशन परिसर में नियमित गश्त बढ़ा दी गई है और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
आरपीएफ द्वारा जारी प्रमुख निर्देश इस प्रकार हैं—
सुबह एवं शाम ट्रेनों के आवागमन के समय प्लेटफार्म संख्या 3 एवं 4 पर अनावश्यक टहलने से बचने की अपील की गई है, ताकि यात्रियों की आवाजाही सुचारु बनी रहे।
स्टेशन परिसर के बाहर जाम की स्थिति रोकने के लिए ऑटो एवं दोपहिया वाहन चालकों को निर्धारित स्थान पर ही वाहन खड़े करने के निर्देश दिए गए हैं। अव्यवस्थित पार्किंग करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
स्टेशन परिसर में संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है तथा यात्रियों से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तत्काल आरपीएफ को देने की अपील की गई है।
आरपीएफ ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सभी नियमों का पालन करें, ताकि धौलपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और यात्रियों की सुविधा बेहतर बनी रहे।










