रेलवे के नए नियमों से यात्रियों को किया जागरूक गया जंक्शन पर आरपीएफ ने चलाया विशेष अभियान, बढ़े जुर्माने और नए प्रावधानों की दी जानकारी

रिपोर्ट नवीन यादव

गया। पूर्व मध्य रेलवे के पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट गया द्वारा मंगलवार को गया जंक्शन रेलवे स्टेशन पर जन विश्वास (संशोधित) अधिनियम-2026 के तहत रेलवे अधिनियम में किए गए संशोधनों को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान का नेतृत्व आरपीएफ निरीक्षक बनारसी यादव ने किया। इस दौरान आरपीएफ स्टाफ एवं टिकट जांच कर्मियों (टीटीआई) ने संयुक्त रूप से यात्रियों को रेलवे अधिनियम में हुए नए संशोधनों, बढ़ाई गई जुर्माने की राशि, सजा के नए प्रावधानों तथा रेलवे सुरक्षा बल को प्राप्त पेनाल्टी करने के अधिकार की विस्तृत जानकारी दी।

इस अवसर पर यात्रियों से बिना टिकट यात्रा नहीं करने, अनधिकृत रूप से रेलवे परिसर में प्रवेश नहीं करने, रेलवे संपत्ति की सुरक्षा करने तथा स्टेशन परिसर में स्वच्छता एवं अनुशासन बनाए रखने की अपील की गई। साथ ही बताया गया कि संशोधित अधिनियम के तहत नियमों के उल्लंघन पर अब अधिक जुर्माना और सख्त दंड का प्रावधान किया गया है।

अभियान के दौरान यात्रियों ने नए नियमों के प्रति रुचि दिखाई तथा रेलवे नियमों का पालन करने का आश्वासन दिया। आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य यात्रियों को नए कानूनी प्रावधानों से अवगत कराना, नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं अनुशासित रेल यात्रा सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *