डीआरएम अनिरुद्ध कुमार ने रेल संरक्षा और विकास कार्यों का किया गहन निरीक्षण संरक्षा, विकास कार्यों और यात्री सुविधाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

 

 

  • रिपोर्ट नवीन यादव

    झांसी। मंडल रेल प्रबंधक, झांसी अनिरुद्ध कुमार ने परख निरीक्षण यान के माध्यम से ग्वालियर–कैलारस एवं रायरू–हेतमपुर रेलखंड का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा, ट्रैक की स्थिति, रेल संरचना तथा परिचालन व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ग्वालियर–कैलारस खंड के निरीक्षण के दौरान कैलारस स्टेशन के समीप चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता की समीक्षा की गई। उन्होंने कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने, गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने तथा यात्री सुविधाओं में सुधार लाने के निर्देश दिए। कैलारस स्टेशन पर स्टेशन मास्टर कक्ष, बैटरी रूम, कैटरिंग स्टॉल सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया तथा अग्नि सुरक्षा इंतजामों की भी जांच की गई।

इसके बाद रायरू माल गोदाम पर चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया गया। कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान चंबल ब्रिज सहित रेल संरचना एवं परिचालन व्यवस्थाओं का भी गहन परीक्षण किया गया। साथ ही हेतमपुर–धौलपुर खंड में चल रहे सेस रिपेयरिंग कार्यों की प्रगति का जायजा लेकर उन्हें निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए गए।

अनिरुद्ध कुमार ने हेतमपुर–चंबल ब्रिज खंड का फुट-बाय-फुट पैदल निरीक्षण भी किया। इस दौरान ट्रैक, रेल संरचना एवं संरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की बारीकी से जांच करते हुए संरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि रेल संरक्षा, यात्री सुविधाओं और विकास कार्यों में उच्च गुणवत्ता बनाए रखते हुए सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) अशोक प्रिय गौतम, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (टीआरडी) सतवीर सिंह, मंडल परिचालन प्रबंधक (कोचिंग) उर्वशी शेखावत, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (नॉर्थ) अजय कुमार मीणा, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी गिरीश कंचन तथा वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर (मेन लाइन) राजकुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *