डीएम एवं एसएसपी की संयुक्त अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा अभियान की समीक्षा बैठक, सख्त कार्रवाई के निर्देश
रिपोर्ट नवीन यादव
झांसी जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत जिलाधिकारी गौरांग राठी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, प्रभारी निरीक्षक यातायात सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बिना नंबर प्लेट चलने वाले वाहनों, नंबर प्लेट में छेड़छाड़ करने वाले तथा चालान से बचने के लिए नंबर प्लेट को ढकने या छिपाने वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए।
इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण की संभावनाओं पर भी विचार किया गया, ताकि जाम की समस्या से राहत मिल सके। सड़क किनारे संचालित वाहन मरम्मत कार्यशालाओं को सख्त निर्देश दिए गए कि वे सार्वजनिक मार्गों पर कार्य न करें और सड़क पर अतिक्रमण न होने दें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए समन्वित प्रयासों पर जोर दिया गया।
अंत में प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा अभियान में सहयोग करने की अपील की।










