अजमेर मंडल में आरपीएफ जवानों के लिए नई सुविधा का शुभारंभ
रिपोर्ट नवीन यादव
अजमेर। रेलवे सुरक्षा बल के जवानों की सुविधाओं और स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की दिशा में अजमेर मंडल में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। रामगंज स्थित आरपीएफ लाइन में नवनिर्मित मैस एवं खुला व्यायाम स्थल का उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा द्वारा खुले व्यायाम स्थल का शुभारंभ किया गया। यह पहल आरपीएफ जवानों के कल्याण और उनकी कार्यक्षमता को बढ़ाने के उद्देश्य से की गई है।
नई सुविधा से जवानों को शारीरिक फिटनेस बनाए रखने में मदद मिलेगी, साथ ही उनके रहने और खान-पान की व्यवस्थाओं में भी सुधार होगा।
मंडल में की गई यह पहल सुरक्षा बल के मनोबल और स्वास्थ्य सुधार की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।










