मध्य प्रदेश–उत्तर प्रदेश सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए संयुक्त रणनीति तैयार
रिपोर्ट नवीन यादव
झांसी। मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने और मध्य प्रदेश तथा उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के ओरछा में अंतर्राज्यीय सीमा समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक का आयोजन छतरपुर रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक विजय कुमार खत्री के निर्देशन में किया गया। इसमें सागर जोन (मध्य प्रदेश) तथा उत्तर प्रदेश के झांसी और ललितपुर जनपदों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में झांसी परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक आकाश कुलहरि, सागर जोन के पुलिस महानिरीक्षक मिथिलेश कुमार शुक्ला, झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति, ललितपुर के पुलिस अधीक्षक मो. मुस्ताक सहित निवाड़ी, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, पन्ना और दमोह के पुलिस अधीक्षक उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने, अंतर्राज्यीय अपराधियों के नेटवर्क को ध्वस्त करने, पूर्व में गिरफ्तार एवं फरार आरोपियों की जानकारी साझा करने, तस्करी में संलिप्त गिरोहों के विरुद्ध संयुक्त कार्रवाई, खुफिया सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान तथा सीमा क्षेत्रों में समन्वित अभियान चलाने जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिले आपसी समन्वय के साथ मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध परिवहन और इससे जुड़े अपराधियों के विरुद्ध लगातार संयुक्त अभियान चलाएंगे। साथ ही समय-समय पर सूचनाओं का आदान-प्रदान कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, जिससे नशामुक्त भारत के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान मिल सके।










