भारतीय रेलवे: भारत गौरव पर्यटक ट्रेन से दक्षिण भारत एवं 4 ज्योतिर्लिंग यात्रा का सुनहरा अवसर आईआरसीटीसी ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए दो विशेष धार्मिक पर्यटन पैकेज किए शुरू, गोरखपुर से होगा प्रस्थान

रिपोर्ट: नवीन यादव

भारतीय रेलवे की पर्यटन इकाई आईआरसीटीसी ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए भारत गौरव पर्यटक ट्रेन के माध्यम से दो विशेष धार्मिक पर्यटन पैकेजों की घोषणा की है। इन यात्राओं का उद्देश्य यात्रियों को देश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के दर्शन कराना है। दोनों ट्रेनों का प्रस्थान गोरखपुर से होगा तथा कानपुर सेंट्रल सहित कई प्रमुख स्टेशनों से यात्रियों को चढ़ने और उतरने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

पहला पैकेज “दक्षिण भारत यात्रा” का है, जिसका प्रस्थान 31 जुलाई 2026 को होगा। यह यात्रा 11 रात एवं 12 दिन की होगी। इस दौरान श्रद्धालु तिरुपति बालाजी, रामेश्वरम, मदुरै, कन्याकुमारी तथा मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग सहित दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे। इस पैकेज का प्रारंभिक किराया 23,560 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है तथा आसान मासिक किस्त की सुविधा भी उपलब्ध है।

दूसरा पैकेज “4 ज्योतिर्लिंग यात्रा एवं स्टैच्यू ऑफ यूनिटी” का है, जिसका प्रस्थान 17 अगस्त 2026 को होगा। यह यात्रा 9 रात एवं 10 दिन की होगी। इस दौरान श्रद्धालु महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, सोमनाथ, नागेश्वर ज्योतिर्लिंग, द्वारकाधीश मंदिर, बेट द्वारका तथा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के दर्शन करेंगे। इस पैकेज का प्रारंभिक शुल्क 18,380 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है तथा किस्तों में भुगतान की सुविधा भी दी गई है।

दोनों यात्राओं में कन्फर्म रेल टिकट, 3 एसी, 2 एसी एवं स्लीपर श्रेणी के विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए गोरखपुर, अयोध्या कैंट, सुल्तानपुर, प्रयागराज संगम, रायबरेली, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी तथा ललितपुर सहित विभिन्न स्टेशनों से बोर्डिंग और डी-बोर्डिंग की व्यवस्था की गई है।

आईआरसीटीसी ने इच्छुक यात्रियों से अपील की है कि सीमित सीटों का लाभ उठाने के लिए समय रहते अपनी बुकिंग सुनिश्चित करें। ये दोनों यात्राएं धार्मिक आस्था, पर्यटन और भारतीय सांस्कृतिक विरासत का अनूठा अनुभव प्रदान करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *