उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी का पदभार डॉ. शिवम शर्मा ने संभाला

रिपोर्ट नवीन यादव

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे में डॉ. शिवम शर्मा ने मुख्य जनसंपर्क अधिकारी का पदभार ग्रहण कर लिया है। वे भारतीय रेलवे यातायात सेवा के वर्ष 2011 बैच के अधिकारी हैं और रेलवे संचालन के साथ-साथ खेल प्रबंधन के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दे चुके हैं।

डॉ. शिवम शर्मा इससे पहले उत्तर मध्य रेलवे में वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक के रूप में कार्य कर चुके हैं। प्रतिनियुक्ति के दौरान उन्होंने भारतीय खेल प्राधिकरण में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्व निभाए। इस अवधि में उन्होंने राष्ट्रीय खेल विश्वविद्यालय, पटियाला में निदेशक तथा भारतीय खेल प्राधिकरण के उत्तरी क्षेत्रीय केंद्र, सोनीपत के क्षेत्रीय निदेशक के रूप में सेवाएं दीं।

वर्ष 2024 में आयोजित पेरिस ओलंपिक के लिए गए भारतीय आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल में भी उन्हें शामिल किया गया था। शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से दंत शल्य चिकित्सा में स्नातक की उपाधि प्राप्त की है।

डॉ. शिवम शर्मा उप मुख्य दावा अधिकारी तथा टूंडला में मंडल यातायात प्रबंधक सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। प्रयागराज में रेलवे दावा न्यायाधिकरण की नई पीठ की स्थापना में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

रिपोर्ट: नवीन यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *