नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों के प्रदर्शन की आशंका, दतिया रेलवे स्टेशन छावनी में तब्दील
रिपोर्ट: नवीन यादव
झांसी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी का प्रत्याशी घोषित नहीं किए जाने के बाद उनके समर्थकों द्वारा विरोध प्रदर्शन किए जाने की संभावना जताई गई है। इसी आशंका को देखते हुए दतिया रेलवे स्टेशन सहित आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
सूत्रों के अनुसार, समर्थकों द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर जाम लगाने के साथ ही दतिया रेलवे स्टेशन पहुंचकर प्रदर्शन किए जाने की सूचना मिलने के बाद रेलवे प्रशासन और पुलिस विभाग सतर्क हो गया। इसके बाद रेलवे सुरक्षा बल, राजकीय रेलवे पुलिस तथा जिला पुलिस ने स्टेशन परिसर में व्यापक निगरानी और गश्त शुरू कर दी।
स्टेशन परिसर, प्लेटफार्म, प्रवेश एवं निकास द्वारों पर विशेष सतर्कता बरती गई, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
सूत्रों के अनुसार, देर रात तक दतिया रेलवे स्टेशन पर स्थिति सामान्य रही और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई तथा यात्रियों की सुरक्षा और रेल संचालन को सुचारु रखने के लिए संबंधित विभाग पूरी तरह सतर्क रहे।










