रिपोर्ट: नवीन यादव

दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया में शुक्रवार देर रात राजनीतिक घटनाक्रम के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। प्रदर्शन के दौरान उपद्रवियों ने पुलिस बल एवं वाहनों पर पथराव किया, जिसमें पुलिस अधीक्षक घायल हो गए। कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर पलट दिया गया। स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और शनिवार सुबह लगभग चार बजे तक कार्रवाई जारी रखी। घटना के चलते लगभग 15 किलोमीटर तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा।

जानकारी के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं दिए जाने से नाराज समर्थकों का प्रदर्शन हिंसक हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और कई उपद्रवियों को हिरासत में लेकर स्थिति को नियंत्रित किया।

उधर, कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए दतिया रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल पूरी रात पूरी तरह मुस्तैद रहा। स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था की कमान आरपीएफ निरीक्षक बब्लू कुमार ने संभाली। रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, प्रवेश एवं निकास द्वारों सहित सभी संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त कर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की।

वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जितेन्द्र कुमार शर्मा पूरी रात दतिया रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था की पल-पल जानकारी लेते रहे और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे। उनकी सतत निगरानी एवं आरपीएफ की सतर्कता के चलते रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही तथा रेल संचालन और यात्रियों की आवाजाही निर्बाध जारी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *