रिपोर्ट: नवीन यादव

दतिया। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील क्षेत्रों तथा दतिया रेलवे स्टेशन के आसपास भारी पुलिस बल और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की कंपनियां तैनात की गई हैं। उपद्रव फैलाने की आशंका वाले कई लोगों को एहतियातन हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई की गई है।

दतिया विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर पूरे क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता लागू है। प्रशासन और पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं तथा शांति एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि दतिया रेलवे स्टेशन पर रेल सेवाएं पूरी तरह सामान्य हैं। रेलवे की ओर से किसी भी रेलमार्ग के परिवर्तन या ट्रेनों के बड़े विलंब की कोई आधिकारिक सूचना जारी नहीं की गई है। सभी प्रमुख रेलगाड़ियां निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार संचालित हो रही हैं।

प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि शहर में सुरक्षा व्यवस्था और मुख्य मार्गों पर पुलिस की तैनाती को देखते हुए रेलवे स्टेशन के लिए समय से पहले घर से निकलें तथा यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें। साथ ही अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन एवं रेलवे द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *