देर रात पुलिस मुठभेड़ में चोरी के दो आरोपी गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अवैध तमंचा बरामद
रिपोर्ट: नवीन यादव
झांसी। बबीना थाना पुलिस ने देर रात हुई मुठभेड़ में चोरी के मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, 3,350 रुपये नकद, एक अवैध 315 बोर तमंचा, दो खोखा कारतूस तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम चोरी के मामले में वांछित आरोपियों की तलाश में गश्त कर रही थी। इसी दौरान संदिग्धों से मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना के संबंध में थाना बबीना में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्राधिकारी सदर प्रिया सिंह ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है तथा आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।










