पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने दी जानकारी: झांसी–मानिकपुर रेलखंड पर दोहरीकरण कार्य के चलते कई ट्रेनें रद्द, मार्ग परिवर्तन और समय में बदलाव
रिपोर्ट: नवीन यादव
झांसी। उत्तर मध्य रेलवे प्रशासन ने झांसी–मानिकपुर रेलखंड के मऊरानीपुर–रोरा खंड के मध्य चल रहे दोहरीकरण कार्य के अंतर्गत नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण अनेक यात्री गाड़ियों के संचालन में अस्थायी परिवर्तन किया है। यह परिवर्तन 19 जुलाई से 29 जुलाई 2026 के बीच विभिन्न तिथियों पर प्रभावी रहेगा।
जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि दोहरीकरण कार्य को सुरक्षित एवं समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए कुछ ट्रेनों को निरस्त किया गया है, जबकि कुछ गाड़ियों का मार्ग परिवर्तित, समय पुनर्निर्धारित तथा विनियमित किया गया है।
रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार गाड़ी संख्या 11801 ग्वालियर–प्रयागराज एक्सप्रेस 27 एवं 28 जुलाई तथा 11802 प्रयागराज–ग्वालियर एक्सप्रेस 28 एवं 29 जुलाई को निरस्त रहेगी। इसी प्रकार 64613 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी–बांदा मेमू एवं 64614 बांदा–वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी मेमू 27 और 28 जुलाई को संचालित नहीं होंगी। 64611 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी–मानिकपुर मेमू तथा 64612 मानिकपुर–वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी मेमू 28 जुलाई को निरस्त रहेंगी।
इसके अलावा 19666 उदयपुर–खजुराहो एक्सप्रेस 27 जुलाई को तथा 19665 खजुराहो–उदयपुर एक्सप्रेस 28 जुलाई को अपने निर्धारित मार्ग के स्थान पर परिवर्तित मार्ग से संचालित की जाएंगी।
रेलवे प्रशासन ने 11801 ग्वालियर–प्रयागराज एक्सप्रेस के 19 जुलाई तथा 21 से 26 जुलाई तक कुल सात फेरों का समय 120 मिनट पुनर्निर्धारित किया है। वहीं 12176 चंबल एक्सप्रेस को 21, 23 एवं 28 जुलाई तथा 04191 ग्वालियर–रीवा विशेष गाड़ी को 22 जुलाई को 60 मिनट विनियमित कर संचालित किया जाएगा।
पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति रेलवे के अधिकृत माध्यमों से अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।










