मोबाइल चोरी का आरोपी गिरफ्तार, चोरी का मोबाइल बरामद जीआरपी झांसी की कार्रवाई, पूछताछ में अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना
रिपोर्ट : नवीन यादव
झांसी। पुलिस अधीक्षक रेलवे विपुल कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी रेलवे सलीम खान के पर्यवेक्षण में जीआरपी झांसी को मोबाइल चोरी के मामले में सफलता मिली है। थाना जीआरपी झांसी पुलिस टीम ने 18 जुलाई 2026 को एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुरूल/मुरल अनुरागी (23 वर्ष) निवासी थाना गढ़, जनपद हमीरपुर के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध थाना जीआरपी झांसी में पंजीकृत मुकदमा संख्या 418/2025 की विवेचना के दौरान कार्रवाई की गई। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 15 हजार रुपये बताई गई है।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों की लापरवाही का फायदा उठाकर मोबाइल चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। पुलिस अब उससे अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है, जिससे और खुलासे होने की संभावना है।
जीआरपी ने बताया कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य जनपदों से भी जुटाई जा रही है। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक सुशील कुमार, उपनिरीक्षक सतीश कुमार, मुख्य आरक्षी शैलेन्द्र चौहान तथा मुख्य आरक्षी शशिकांत शामिल रहे।










