वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जितेन्द्र कुमार शर्मा के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक योगेश राणा के नेतृत्व में आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पर महिला कोच में यात्रा कर रहे पांच यात्रियों सहित दिव्यांगजन कोच में सफर कर रहे एक यात्री पर लगाया गया जुर्माना
रिपोर्ट : नवीन यादव
झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर महिला यात्रियों एवं दिव्यांगजन के लिए आरक्षित कोचों में अनधिकृत यात्रा करने वालों के विरुद्ध रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की।
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जितेन्द्र कुमार शर्मा के निर्देशानुसार तथा आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक योगेश राणा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक हरिओम सिकरवार एवं उनकी टीम ने स्टेशन पर विशेष जांच अभियान चलाया।
अभियान के दौरान महिला कोच में यात्रा कर रहे पांच पुरुष यात्रियों को पकड़ा गया। रेलवे के नए नियमों के तहत सभी पर ₹2,500 प्रति व्यक्ति का जुर्माना लगाया गया।
इसके अलावा दिव्यांगजन कोच में अनधिकृत रूप से यात्रा कर रहे एक यात्री को भी पकड़ा गया, जिस पर ₹2,000 का जुर्माना लगाया गया।
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि महिला एवं दिव्यांगजन के लिए आरक्षित कोचों में अनधिकृत यात्रा करना रेलवे नियमों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में आगे भी नियमित रूप से विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि वे केवल अपने लिए निर्धारित श्रेणी एवं आरक्षित कोच में ही यात्रा करें, ताकि महिला यात्रियों एवं दिव्यांगजनों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।










