रेलवे स्क्रैप चोरी का खुलासा, संयुक्त टीम ने तीन टन माल के साथ दो आरोपियों को दबोचा वर्कशॉप से चोरी कर कबाड़ी को बेचने जा रहे थे रेलवे का स्क्रैप, दो ट्रक चालक गिरफ्तार

रिपोर्ट नवीन यादव

झांसी, 25 जुलाई 2027। रेलवे संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जीआरपी, रेलवे सुरक्षा बल और पुलिस अधीक्षक रेलवे कार्यालय की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब तीन टन रेलवे स्क्रैप बरामद किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 जुलाई को निरीक्षक विवेक कुमार श्रीवास्तव, जीआरपी वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, निरीक्षक योगेश राणा, रेलवे सुरक्षा बल वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, निरीक्षक अर्चना, रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट वर्कशॉप, पुलिस अधीक्षक रेलवे की अनुभागीय टीम के उप निरीक्षक संदीप सेंगर, अपराध शाखा निरीक्षक ओम प्रकाश सहित संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की।

जांच में सामने आया कि कानपुर से रेलवे वैगनों के पहियों की मरम्मत के लिए रेलवे वर्कशॉप आने वाले दो ट्रकों के चालक, मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद वापस कानपुर जाते समय वर्कशॉप परिसर में खुले पड़े रेलवे स्क्रैप को कथित रूप से चोरी कर अपने-अपने ट्रकों के केबिन में छिपाकर ले गए। बाद में उक्त स्क्रैप को थाना बड़ागांव क्षेत्र स्थित एक कबाड़ी की दुकान पर बेचने का प्रयास किया जा रहा था।

मुखबिर की सूचना पर संयुक्त टीम ने रात्रि करीब 12:50 बजे कार्रवाई करते हुए दोनों ट्रक चालकों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से करीब तीन टन रेलवे स्क्रैप सामग्री बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई गई है।

इस संबंध में दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रेलवे संपत्ति की चोरी और अवैध बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *