झांसी जिला कारागार में वितरित किया साहित्य, सकारात्मक जीवन जीने की दी सीख
रिपोर्ट नवीन यादव
झांसी। सनशाइन क्लब झांसी के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झांसी की सचिव ईशा त्रिपाठी के दिशा-निर्देशन में जिला कारागार में साहित्य वितरण एवं सकारात्मक जीवन यापन के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व अध्यक्ष विशाल गुप्ता ने की। वरिष्ठ अधीक्षक जेल विनोद सोनी मुख्य अतिथि रहे। जेलर अंजनी कुमार गुप्ता, अरविंद बड़ौनिया, अध्यक्ष अखिल भारतीय अंतरराष्ट्रीय संस्था, विजय गुप्ता, ट्रस्टी अखिल भारतीय अंतर्राष्ट्रीय महासभा दिल्ली तथा राजीव शहदेले, महामंत्री अखिल भारतीय महासभा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम संस्थापक डॉ. अशोक अग्रवाल काका के सानिध्य एवं कुलदीप पाल के संयोजन में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम के दौरान बंदियों को अखंड ज्योति, गायत्री परिवार, कल्याण, ओशो सहित गीता प्रेस गोरखपुर के विभिन्न साहित्य वितरित किए गए। शुभारंभ में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का बैज अलंकरण कर स्वागत किया गया। अध्यक्षीय उद्बोधन में विशाल गुप्ता ने साहित्य वितरण की आवश्यकता और इसके महत्व पर प्रकाश डाला।
संस्थापक डॉ. अशोक अग्रवाल काका ने बंदियों से आपस में पुस्तकें बदलकर विभिन्न प्रकाशनों के साहित्य को पढ़ने और जानकारी प्राप्त करने की अपील की। मुख्य अतिथि विनोद सोनी ने सनशाइन क्लब झांसी द्वारा समय-समय पर किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए बंदियों एवं महिला बंदियों से साहित्य का अध्ययन कर अपने जीवन को सकारात्मक दिशा देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर क्लब के वरिष्ठ पदाधिकारी आशुतोष मोदी एवं अनिल कुमार नायक भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डिप्टी जेलर विप्लव श्रीवास्तव ने किया। अंत में संयोजक कुलदीप पाल ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।










