मऊरानीपुर–रोरा रेलखंड पर विद्युत कर्षण व्यवस्था का निरीक्षण प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर जे. सी. एस. बोरा ने दोहरीकृत रेलखंड की संरक्षा व्यवस्थाओं को परखा

  • झांसी। उत्तर मध्य रेलवे झांसी मंडल रेल संरक्षा, विश्वसनीयता तथा यात्री सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आधारभूत रेल अवसंरचना के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। इसी क्रम में झांसी–मानिकपुर दोहरीकरण परियोजना के अंतर्गत मऊरानीपुर–रोरा नव दोहरीकृत एवं विद्युतीकृत रेलखंड का प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर, उत्तर मध्य रेलवे जे. सी. एस. बोरा द्वारा विस्तृत निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर ने 25 केवी एसी विद्युत कर्षण प्रणाली, ओवरहेड उपकरण (ओएचई), ट्रैक्शन सबस्टेशन से संबंधित व्यवस्थाओं, विद्युत सुरक्षा मानकों तथा परिचालन तैयारियों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने रेलखंड पर स्थापित विद्युत अवसंरचना की गुणवत्ता, अनुरक्षण व्यवस्था तथा संरक्षा मानकों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर उन्होंने ओएचई वायर, मस्त, इंसुलेटर, फाउंडेशन, सेक्शनिंग व्यवस्था तथा अन्य विद्युत परिसंपत्तियों का निरीक्षण कर उनकी कार्यक्षमता और विश्वसनीयता का आकलन किया। साथ ही, नव दोहरीकृत रेलखंड पर सुरक्षित एवं निर्बाध रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक तकनीकी व्यवस्थाओं का भी परीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की गई, जिसमें विद्युत कर्षण प्रणाली के सुरक्षित संचालन, समयबद्ध अनुरक्षण, ऊर्जा दक्षता तथा भविष्य की परिचालन आवश्यकताओं पर चर्चा की गई।

मऊरानीपुर–रोरा रेलखंड के दोहरीकरण एवं विद्युतीकरण से इस मार्ग पर रेल संचालन अधिक सुगम, सुरक्षित और दक्ष होगा। इससे ट्रेनों की परिचालन क्षमता में वृद्धि होगी, समयपालन में सुधार आएगा तथा यात्रियों और माल परिवहन दोनों को बेहतर एवं विश्वसनीय रेल सेवाओं का लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) पी. पी. शर्मा, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर/टीआरडी सतबीर सिंह, वरिष्ठ मंडल अभियंता/पूर्व आयुष श्रीवास्तव सहित निर्माण संगठन के अधिकारी, तकनीकी कर्मचारी, निरीक्षक एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *