रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार का कार्यकाल एक साल बढ़ा, मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने दी मंजूरी 01 सितंबर 2026 से संविदा आधार पर एक वर्ष के लिए पुनर्नियुक्ति को मिली स्वीकृति
रिपोर्ट नवीन यादव
नई दिल्ली। रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार के कार्यकाल को एक वर्ष के लिए बढ़ा दिया गया है। मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने भारतीय रेलवे के वरिष्ठ पदों पर चयन संबंधी नियम, 2025 में छूट देते हुए सतीश कुमार को 01 सितंबर 2026 से एक वर्ष की अवधि के लिए संविदा आधार पर पुनर्नियुक्त करने की मंजूरी प्रदान की है।
जारी आदेश के अनुसार, यह पुनर्नियुक्ति मौजूदा नियमों एवं शर्तों के आधार पर होगी। उनका कार्यकाल एक वर्ष की अवधि पूरी होने या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगा।
इस संबंध में कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के अंतर्गत मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति के सचिवालय की ओर से 27 जुलाई 2026 को आदेश जारी किया गया। आदेश की प्रतिलिपि प्रधानमंत्री कार्यालय, कैबिनेट सचिवालय और संबंधित अभिलेख के लिए भेजी गई है।










