डीजी रेलवे प्रकाश डी. का रेल सुरक्षा पर फोकस, जीआरपी को और धार देने की तैयारी आईआरआईटीएम निदेशक रंजन प्रकाश ठाकुर से भेंट में यात्रियों की संरक्षा और विभागीय समन्वय पर हुई विस्तृत चर्चा
रिपोर्ट नवीन यादव
लखनऊ। महानिदेशक रेलवे, उत्तर प्रदेश प्रकाश डी. (आईपीएस) ने भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान (आईआरआईटीएम), लखनऊ के निदेशक रंजन प्रकाश ठाकुर (आईआरटीएस) से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तर प्रदेश के विस्तृत एवं व्यस्त रेल नेटवर्क में यात्रियों की संरक्षा, रेलवे सुरक्षा तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में रेल यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा रेलवे से जुड़े सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी. ने जीआरपी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यकुशलता और क्षमता को और बेहतर बनाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
उन्होंने जीआरपी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आईआरआईटीएम में विशेष प्रशिक्षण दिलाए जाने का अनुरोध किया, ताकि सुरक्षा ड्यूटी से जुड़े पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता में और निखार आए तथा रेलवे परिसरों और ट्रेनों में यात्रियों को अधिक सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
इस दौरान रेलवे और जीआरपी के बीच बेहतर तालमेल एवं समन्वय के माध्यम से यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।










