जब चढ़ाई पर थम गया महिला का चलता-फिरता आशियाना, आरपीएफ जवान बना सहारा ! वर्दी का रौब नहीं, इंसानियत का जज्बा दिखाया—जवान ने लगाया धक्का, रेलवे फाटक पार कराई महिला सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, आरपीएफ जवान की दरियादिली ने जीता लोगों का दिल—हर तरफ हो रही जमकर तारीफ
रिपोर्ट नवीन यादव
झांसी। रेलवे फाटक की चढ़ाई पर एक महिला का रिक्शा अचानक थम गया। रिक्शे पर ही उसका सामान और आशियाना था, लेकिन चढ़ाई इतनी मुश्किल थी कि लाख कोशिशों के बाद भी वह आगे नहीं बढ़ पा रही थी। महिला की परेशानी देख ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ जवान से रहा नहीं गया। जवान ने तत्काल आगे बढ़कर रिक्शे को पीछे से धक्का लगाया और महिला को रेलवे फाटक पार करा दिया।
आरपीएफ जवान की इस छोटी-सी मदद ने इंसानियत की बड़ी मिसाल कायम कर दी। किसी ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आते ही लोग आरपीएफ जवान की संवेदनशीलता और दरियादिली की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
लोगों का कहना है कि वर्दी की असली पहचान सिर्फ कार्रवाई नहीं, बल्कि जरूरत के वक्त किसी मजबूर का सहारा बनना भी है। आरपीएफ जवान ने कुछ पल के लिए अपना कर्तव्य छोड़कर नहीं, बल्कि कर्तव्य को इंसानियत से जोड़कर निभाया और महिला के लिए मुश्किल रास्ता आसान कर दिया।










