रेलवे बोर्ड अध्यक्ष से मिले सांसद पप्पू यादव, कोसी-सीमांचल की रेल मांगों को लेकर सौंपे कई प्रस्ताव सहरसा–पूर्णिया–कटिहार होकर कोलकाता तक नई एक्सप्रेस व वंदे भारत ट्रेन चलाने की मांग, जानकीनगर सहित पूर्णिया के स्टेशनों के विकास पर भी जोर
रिपोर्ट नवीन यादव
नई दिल्ली। कोसी-सीमांचल क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों की वर्षों पुरानी मांगों को लेकर सांसद पप्पू यादव ने नई दिल्ली स्थित रेल भवन में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की प्रमुख रेल समस्याओं और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को विस्तारपूर्वक उनके समक्ष रखा और शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया।
सांसद ने सहरसा–पूर्णिया कोर्ट–पूर्णिया–कटिहार होते हुए कोलकाता तक नई एक्सप्रेस रेल सेवा एवं वंदे भारत ट्रेन शुरू करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि कोलकाता पूर्वी भारत का प्रमुख व्यापारिक, शैक्षणिक और स्वास्थ्य केंद्र है। प्रतिदिन हजारों विद्यार्थी, मरीज, व्यापारी और नौकरीपेशा लोग इस मार्ग से यात्रा करते हैं, लेकिन मौजूदा रेल सेवाएं यात्रियों की आवश्यकताओं के अनुरूप पर्याप्त नहीं हैं। नई ट्रेन सेवा शुरू होने से यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ-साथ मक्का, मखाना, जूट, फल एवं अन्य कृषि उत्पादों के व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने जानकीनगर रेलवे स्टेशन पर जनहित एक्सप्रेस (13205/13206), कोसी एक्सप्रेस (18625/18626) सहित अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की भी मांग की। साथ ही जानकीनगर स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल कर आधुनिक स्टेशन भवन, प्रतीक्षालय, पेयजल, शौचालय, डिजिटल सूचना प्रणाली, दिव्यांगजन सुविधाएं, पार्किंग सहित अन्य यात्री सुविधाओं के विकास का आग्रह किया।
सांसद ने इससे पहले पटना से सहरसा–मधेपुरा होते हुए पूर्णिया कोर्ट तक रात्रिकालीन नई ट्रेन चलाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई थी। उन्होंने कहा कि शाम के बाद इस मार्ग पर सीधी ट्रेन उपलब्ध नहीं होने से हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। नई रात्रिकालीन ट्रेन विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, मरीजों और आम यात्रियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी।
इसके अलावा पूर्णिया कोर्ट एवं पूर्णिया जंक्शन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल कर शीघ्र प्रशासनिक स्वीकृति और टेंडर प्रक्रिया शुरू करने का भी अनुरोध किया गया। सांसद ने कहा कि दोनों स्टेशन सीमांचल के महत्वपूर्ण रेल केंद्र हैं और उनका आधुनिक पुनर्विकास समय की आवश्यकता है।
उन्होंने पूर्णिया कोर्ट स्टेशन पर लगभग 73.30 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित वाशिंग पिट एवं कोचिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण को भी प्राथमिकता देने का आग्रह किया। वाशिंग पिट के निर्माण से पूर्णिया कोर्ट से नई लंबी दूरी की ट्रेनों के संचालन का मार्ग प्रशस्त होगा, जिससे सीमांचल के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
सांसद पप्पू यादव ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि रेलवे बोर्ड कोसी-सीमांचल की जनभावनाओं से जुड़ी इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए क्षेत्र को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्णिया, कोसी और सीमांचल के विकास, बेहतर रेल कनेक्टिविटी और जनता की सुविधाओं के लिए संसद से लेकर मंत्रालय तक लगातार आवाज उठाते रहेंगे।










