ट्रेन में अब सिर्फ सफर नहीं, सेवाओं की भी होगी सीधी जानकारी! आईआरसीटीसी का नया प्रयोग कोचों में उद्घोषणा के जरिए यात्रियों को खानपान सेवाओं की जानकारी, शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर आईआरसीटीसी का फोकस
रिपोर्ट नवीन यादव
नई दिल्ली। रेल यात्रियों को बेहतर खानपान सुविधा देने और कैटरिंग सेवाओं से जुड़ी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए आईआरसीटीसी ने सूचना प्रसार का नया तरीका अपनाया है। आईआरसीटीसी के पूर्वी क्षेत्र के अंतर्गत चलने वाली कुछ ट्रेनों में अब कोचों के भीतर उद्घोषणा के माध्यम से यात्रियों को ऑन-बोर्ड खानपान सेवाओं की जानकारी दी जा रही है।
इस अभिनव पहल का मकसद साफ है—यात्री को सुविधा की जानकारी मिले और समस्या होने पर उसकी आवाज सीधे जिम्मेदार व्यवस्था तक पहुंचे। ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों को उद्घोषणा के जरिए उपलब्ध खानपान सेवाओं के बारे में बताया जा रहा है, ताकि वे इन सुविधाओं का बेहतर तरीके से लाभ उठा सकें।
वहीं, खानपान सेवा से संबंधित किसी भी समस्या या शिकायत की स्थिति में उसके त्वरित समाधान पर भी जोर दिया जा रहा है। इस पहल से यात्रियों और कैटरिंग सेवा प्रदाताओं के बीच बेहतर संवाद कायम होने की उम्मीद है।
आईआरसीटीसी का यह कदम रेल यात्रियों के यात्रा अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब ट्रेन के कोचों में सिर्फ खानपान की सुविधा ही नहीं, बल्कि यात्रियों को उनके अधिकार और उपलब्ध सेवाओं की जानकारी भी उद्घोषणा के जरिए देने की कवायद शुरू हो गई है।










