इंस्पेक्टर एसएन पाटीदार की सतर्कता से कानपुर सेंट्रल पर अपहृत बच्चा सकुशल बरामद असम से बच्चे को अगवा कर दिल्ली ले जा रही महिला को आरपीएफ ने पकड़ा एक लाख रुपये में बच्चे को बेचने की थी तैयारी, महिला असम पुलिस के सुपुर्द
रिपोर्ट नवीन यादव
कानपुर। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक एसएन पाटीदार की सतर्कता और टीम की तत्परता से असम से अपहृत किए गए मासूम बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया। महिला बच्चे को ट्रेन संख्या 12505 नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस से दिल्ली ले जा रही थी।
प्रभारी निरीक्षक एसएन पाटीदार ने बताया कि प्रयागराज मंडलीय सुरक्षा नियंत्रण कक्ष से सूचना मिली थी कि 12505 नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस में एक महिला अपहृत बच्चे को लेकर दिल्ली जा रही है। सूचना मिलते ही कानपुर सेंट्रल पर आरपीएफ टीम को सतर्क कर दिया गया।
ट्रेन के प्लेटफॉर्म संख्या छह पर पहुंचने के बाद आरपीएफ टीम ने एस-6 कोच की तलाशी ली। वहां एक महिला दो बच्चों के साथ मिली। मोबाइल पर उपलब्ध बच्चे के फोटो से मिलान करने पर उसके साथ मौजूद बालक की पहचान अपहृत बच्चे के रूप में हुई।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम अर्निका गोनक, उम्र 24 वर्ष, निवासी गोलाघाट, असम बताया। उसके साथ मौजूद बच्ची को उसने अपनी पुत्री बताया, जबकि करीब पांच वर्षीय ज्ञान ज्योति दास के संबंध में वह संतोषजनक जानकारी नहीं दे सकी।
पूछताछ में बच्चे को दिल्ली ले जाकर करीब एक लाख रुपये में बेचने की तैयारी की बात सामने आई। मामले की सूचना असम पुलिस को दी गई। बाद में जोरहाट थाना, असम के उप निरीक्षक जियाउल इस्लाम महिला पुलिसकर्मियों के साथ कानपुर सेंट्रल आरपीएफ पोस्ट पहुंचे। आरपीएफ ने महिला और बच्चे को असम पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
पाटीदार की त्वरित कार्रवाई से मासूम समय रहते सुरक्षित बचा लिया गया।
रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS










