रोहतक रेलवे ट्रैक पर मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, झांसी का टिकट बरामद किलोमीटर संख्या 69/05-06 पर हुई घटना, जीआरपी ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की झांसी जाने वाले यात्री की मौत ने उठाए सुरक्षा पर सवाल, आखिर रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा यात्री?
रोहतक। रोहतक रेलवे स्टेशन के पास किलोमीटर संख्या 69/05-06 पर सोमवार देर रात एक व्यक्ति का शव रेलवे लाइन के बीच पड़ा मिला। स्टेशन मास्टर रोहतक से रात करीब 22:15 बजे सूचना मिलने पर आरपीएफ पोस्ट रोहतक के उप निरीक्षक सतीश लाठर हमराह प्रधान आरक्षक हरमनजीत के साथ मौके पर पहुंचे।
मौके पर जीआरपी रोहतक की टीम ने जांच की। मृतक के सिर तथा बाएं हाथ की कोहनी पर चोट के निशान मिले। शव को रेलवे लाइन से बाहर निकालने के बाद जीआरपी ने तलाशी ली, जिसमें रोहतक से वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी का रेलवे टिकट संख्या AAD 85847171 बरामद हुआ। पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिलने से मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी।
यह घटना कई सवाल खड़े करती है। झांसी जाने वाले यात्री के पास रेलवे टिकट मौजूद था, फिर वह रेलवे ट्रैक के बीच तक कैसे पहुंचा? क्या यात्री ट्रेन से गिरा, किसी दुर्घटना का शिकार हुआ या मामला कुछ और है—इन सभी बिंदुओं पर जांच जरूरी है। घटना की निष्पक्ष जांच से ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
जीआरपी रोहतक ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को रात करीब 00:45 बजे अग्रिम कार्रवाई के लिए अपने साथ ले लिया। घटना के कारण गाड़ी संख्या 74017, 16031 और 12137 प्रभावित हुईं।
रिपोर्ट: नवीन यादव










