कानपुर में गंगा बैराज के पास ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश, दो पायलटों की मौत नत्थूपुरवा गांव के पास खेत में गिरा विमान, राहत-बचाव के बाद डीजीसीए ने जांच के दिए आदेश
रिपोर्ट नवीन यादव
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार को गंगा बैराज के पास एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा नत्थूपुरवा गांव के आसपास हुआ, जहां प्रशिक्षण उड़ान पर निकला विमान अचानक खेत में जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और राहत-बचाव की टीमें मौके पर पहुंचीं। विमान में सवार दो लोगों को गंभीर हालत में मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विमान गर्ग एविएशन का प्रशिक्षण विमान था। इसमें एक प्रशिक्षक और एक प्रशिक्षु पायलट सवार थे। हादसे के कारणों की तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी है।
विमान दुर्घटना की जांच के लिए डीजीसीए ने कार्रवाई शुरू कर दी है। एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (एएआईबी) हादसे के कारणों की विस्तृत जांच करेगा। डीजीसीए की टीम भी घटनास्थल के लिए रवाना की गई है।
रिपोर्ट: नवीन यादव










